Aligarh
अलीगढ़ सोलर इंडस्ट्री एसोसिएशन ने नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता से की शिष्टाचार भेंट: सोलर परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं से कराया अवगत।
अलीगढ़, 04 जुलाई 2026। अलीगढ़ सोलर इंडस्ट्री एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को विद्युत विभाग के नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान एसोसिएशन ने जिले में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना एवं संचालन में आ रही विभिन्न विभागीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इंडेंट लेटर जारी होने में अनावश्यक विलंब, मीटर कन्वर्जन की प्रक्रिया में देरी, थ्री-फेज मीटर की उपलब्धता की समस्या तथा नेट मीटरिंग के दौरान सोलर से उत्पन्न अतिरिक्त विद्युत यूनिटों के समुचित समायोजन (एडजस्टमेंट) न होने जैसी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं एवं सोलर विक्रेताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का अनुरोध किया।
अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभागीय प्रक्रियाओं को सरल एवं समयबद्ध बनाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके उपरांत एसोसिएशन द्वारा अधिशासी अभियंता पंकज तिवारी के मथुरा स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक मनीष सिंह, अध्यक्ष अमित शर्मा, सचिव ज्ञानेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार, सदस्य शीलेन्द्र कुमार एवं अंकित गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
07/04/2026 10:48 AM