Bhopal
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल,मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी गरीबों के घर बन जाने पर ही उनका मुख्यमंत्री पद पर रहना सार्थक होगा:
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल,मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के सभी गरीबों के घर बन जाए तो मेरा मुख्यमंत्री पद पर रहना सार्थक हो जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को सीहोर जिले के खैरी सिलगैना में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान शिविर में 5 पंचायतों के ग्रामीणों के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर संवाद कर रहे थे। सांसद रमाकांत भार्गव और अध्यक्ष अनसूचित जनजातीय वित्त निगम निर्मला बारेला भी उपस्थित थी। मुख्यमंत्री ने खैरी सिलगेना पंचायत के ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि उनके आहवान पर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुई है। मुख्यमंत्री ने पंचायत को समरस पंचायत भी घोषित किया। उन्होंने ग्रामीणों को संकल्प दिलाया कि वे छोटे-छोटे विवादों में थाना, कोर्ट-कचहरी जाने के बजाए गाँव में ही आपसी सहमति से विवाद सुलझाएँ। मुख्यमंत्री ने गाँव के विद्यालय को आदर्श बनाने की अपील भी की। उन्होंने गाँव में सफाई का बेहतर प्रबंध करने के लिए अंदरूनी नालियों के निर्माण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जन-सेवा अभियान का आशय ग्रामीणों को कार्यालय के चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें शिविर में ही लाभ मिल जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान, प्रधानमंत्री किसान कल्याण और मुख्यमंत्री सम्मान निधि से वंचित नहीं रहे। मुख्यमंत्री ने मंच से ही अनेक आवेदकों से उनके काम होने की तस्दीक भी की। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि सभी किसानों और पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाये जाये। मुख्यमंत्री ने किसानों की उपज तुलाई में गड़बड़ी और भुगतान नहीं होने पर सख्त रूख अपनाते हुए संभाग आयुक्त भोपाल को निर्देश दिए कि वे दोषी अधिकारियों को टर्मिनेट और वेयर हाउस संचालक के विरूद्ध कार्यवाही करें। जो भी भ्रष्टाचार करेगा उसे बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर सहित वेयर हाउसिंग और सहकारिता के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए पूछा कि यह कैसे हुआ और अब तक कार्यवाही क्यों नही हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों की जाँच कर जेल भेजें। वेयर हाउस को तुरंत ब्लैक लिस्ट करें। सभी पंचायतों में स्व-सहायता समूह की गतिविधियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि महिलाओं की आमदनी 10 हजार रूपए मासिक करने के लिए समूह को सशक्त बनाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी के साथ युवाओं को स्व-रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए रोजगार दिवस पर युवाओं को वित्तीय सहायता दिलवाई जाये।
मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दी।
10/28/2022 02:55 PM