Bhopal
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
डिक्की एक नई सामाजिक और आर्थिक क्रांति कर दिखाएगी: मुख्यमंत्री चौहान:
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एससी-एसटी के उद्यमियों को सुविधाएँ दिलाने के लिए प्रदेश स्तरीय कमेटी बनाई जाएगी। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिए डिक्की एक नई सामाजिक और आर्थिक क्रांति कर दिखाएगी। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्म-भूमि मध्यप्रदेश है। बाबा साहब ने कहा था कि बिना आर्थिक सशक्तिकरण के सामाजिक सशक्तिकरण होना मुश्किल है। बाबा साहब के दिखाए मार्ग - शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो, की भावना के साथ डिक्की समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है। बच्चे थोड़े से सहयोग से इतिहास रच सकते हैं। आसमान में नई उड़ान भर सकते हैं। प्रदेश में शिक्षा का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। रोजगार और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए भी राज्य सरकार प्राथमिकता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री रविंद्र भवन में एससी-एसटी मेगा बिजनेस कॉन्क्लेव एवं एक्सपो को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वैकल्पिक रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए डिक्की ने नई राह दिखाई है। उत्साह और इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया है। राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उद्यमियों को सुविधाएँ देने के लिए मिल कर काम करेंगे। प्रदेश में हर महीने रोजगार दिवस मनाया जाता है। प्रदेश में स्व-रोजगार और उद्योग लगाने के लिए योजनाएँ बनी हैं। युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ा जा रहा है। अब तक 25 लाख युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ा जा चुका है। हर महीने लक्ष्य तय कर स्व-रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। भोपाल में सिंगापुर के साथ मिल कर संत रविदास ग्लोबल स्किल पार्क बनाया जा रहा है। इसमें हर साल 10 हजार बच्चों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
कार्यक्रम में डिक्की और राज्य सरकार के एमएसएमई विभाग के बीच इकोसिस्टम विकसित करने के लिये एमओयू हुआ। साथ ही डिक्की ने सार्थक सामुदायिक संस्था से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये एवं सॉलिडेरी डाट के साथ फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में सहयोग के लिये एमओयू किया। मुख्यमंत्री ने डिक्की बिजनेस फेसिलिटेशन एप का शुभारंभ भी किया।
प्रख्यात एवं भावी उद्यमियों का स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।
10/12/2022 04:40 PM


















