Bhopal
भोपाल में श्रद्धा भक्ति से मनेगा आचार्य विद्यासागर जी महाराज का अवतरण दिवस:
भोपाल।रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
दिगम्बर जैन धर्म के सबसे बड़े संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज का 77वां अवतरण दिवस भोपाल में श्रद्धा भक्ति से मनाया जाएगा। भोपाल में पिछले एक महीने से इसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। आचार्य के शिष्य मुनि विमलसागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में विध्नहरण विद्यासागर विधान का भव्य व दिव्य आयोजन 9 अक्टूबर को सुबह प्रोफेसर काॅलोनी जैन मंदिर में होगा। शाम को रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर भक्ति नृत्य व भजनों का आयोजन होगा जिसमें जीटीवी के शो सारेगामापा विजेता शरद शर्मा अपनी टीम के साथ शानदार प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन के सूत्रधार ने बताया कि शरद पूर्णिमा पर आचार्य के अवतरण दिवस के साथ साथ दस दिगम्बर जैन मुनियों का दीक्षा दिवस भी है। इस आयोजन की तैयारी के लिए भोपाल के एक दर्जन से अधिक जैन मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं। समाज की 100 से अधिक महिलाएं भक्ति नृत्य की रिहर्सल में लगी हैं। 9 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे जैन मंदिर प्रोफेसर काॅलोनी में मुनि विमलसागर जी महाराज के ससंघ सान्निध्य में भगवान का अभिषेक व शांतिधारा होगी। इसके बाद विध्नहरण विद्यासागर विधान किया जाएगा। मंगल प्रवचन के बाद मंदिर में चैतन्य पार्श्वनाथ भगवान के गर्भगृह में 64 रजत चंवर स्थापित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में आचार्य के परमभक्त शफीक खान सागर से विशेष रूप से पधार रहे हैं। आचार्य की प्ररेणा से शकील खान लंबे समय से अहिंसा के प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। मुनिसंघ की उपस्थिति में भोपाल के तपस्वी मुनि अनुत्तर सागर जी महाराज के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा।
शाम 6.30 बजे रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महिलाओं के भक्ति नृत्यों के बाद विश्व प्रसिद्ध गायक शरद शर्मा जैन भजन एवं आचार्य की भक्ति के गीत गाएंगे। इस आयोजन में समाज के दानवीर व समाजसेवीयों का समाजरत्न से सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में 77 दीपों से आचार्य के चित्र की आरती की जाएगी।
10/06/2022 12:30 PM