Bhopal
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. मुरुगन ने वीआईटी कॉलेज के तीसरे दीक्षांत समारोह में हुए सम्मिलित:
सीहोर। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने छात्रों से कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 नए भारत के निर्माण के लिए मजबूत नींव रखेगी और ज्ञान एवं कौशल के साथ 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना पैदा करेगी। मंत्री डॉ. मुरुगन सीहोर जिले के कोठरी में स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी (वीआईटी) के तीसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनईपी हमें 21 वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने की राह दिखाती है। यह छात्रों में साइंटिफिक टेम्परामेंट को बढ़ावा देती है। साथ ही एक कुशल मानव संसाधन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्रों से कहा कि आत्मनिर्भर भारत नए भारत का मूल मंत्र है। डॉ. मुरुगन ने छात्रों से नए भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।
सरकार की विभिन्न पहलों के बारे में बात करते हुए डॉ. मुरुगन ने बताया कि डिजिटल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, 5जी सेवाएं (कुछ ही दिनों में प्रारंभ होने वाली है) और गतिशक्ति जैसी परियोजनाएं युवाओं को उनके विकास और रोजगार सृजन के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी है। उन्होंने कहा कि हमारी आजादी के इस अमृत काल में युवा भारत की प्रगति में अहम भूमिका निभाएंगे।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें उपाधियां प्रदान कीं। इस दीक्षांत समारोह में कुल 840 स्नातकों को उपाधि प्रदान की गईं। वीआईटी के कुलाधिपति डॉ. जी. विश्वनाथन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
09/14/2022 02:08 PM