Bhopal
राज्य मंत्री परमार ने किया क्रिस्प का भ्रमण:
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार ने आज भोपाल स्थित सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टॉफ परफॉर्मेंस (क्रिस्प) का भ्रमण किया। मंत्री परमार का क्रिस्प के सामान्य निकाय का सदस्य मनोनीत होने के बाद यह प्रथम भ्रमण है।
मंत्री परमार ने क्रिस्प में उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी प्राप्त की और क्रिस्प द्वारा कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने क्रिस्प द्वारा सौर ऊर्जा एवं प्लंबिंग के क्षेत्र में दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विशेष रूचि दिखाई। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी भी उपस्थित थीं।
प्रमुख सचिव शमी ने क्रिस्प में उपलब्ध डीएमआईटी टेस्ट के बारे में जानकारी प्राप्त की एवं मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए इसकी उपयोगिता पर बात की। डीएमआईटी फिंगर प्रिंट किसी भी व्यक्ति विशेष कर अध्ययनरत विद्यार्थियों की जन्मजात प्रतिभा पहचानने के लिए सबसे उन्नत अवधारणा है। स्कूल शिक्षकों की क्षमता निर्माण, विद्यार्थियों की केरियर काउंसलिंग एवं तकनीकी, व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में स्कूलों के उन्नयन आदि विषयों पर चर्चा की गयी। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में स्कूल शिक्षा विभाग और क्रिस्प मिल कर मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों के लिए किस प्रकार कार्य कर सकते हैं, इस पर भी विचार विमर्श किया गया।
क्रिस्प के प्रबंध संचालक डॉ. श्रीकांत पाटिल ने क्रिस्प के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की एवं पिछले 24 वर्ष में क्रिस्प के शिक्षा, प्रशिक्षण तथा कौशल विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। क्रिस्प के वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
09/06/2022 03:53 PM