Aligarh
आज़ादी का अमृत महोत्सव पर नुमाइश में लगी चित्र प्रदर्शनी: बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने फीता काट किया शुभारंभ।
अलीगढ़। बेसिक शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश ने तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी, जनसंपर्क एवं जागरुकता अभियान की शुरुआत की। दरबार हॉल, नुमाइश मैदान में झंडारोहण के बाद मंत्री जी ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय अलीगढ़ द्वारा लगाई गई विशेष चित्र प्रदर्शनी की फीता काटकर शुरुआत की। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने मुख्य अतिथि मंत्री श्री संदीप सिंह, सांसद श्री सतीश गौतम, एमएलसी श्री मानवेन्द्र सिंह, विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, श्री अनिल पाराशर, जिलाधिकारी अलीगढ़, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी लोगों को प्रदर्शनी दिखाई।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी को तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहले हिस्से में विभाजन विभीषिका, दूसरे हिस्से में आज़ादी का अमृत महोत्सव और तीसरे हिस्से में केंद्र सरकार की आठ साल की उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी देखने के बाद मंत्री जी ने कृष्णांजलि नाट्यशाला में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और जिले के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित भी किया।अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए और उन्होंने भारत की आजादी में योगदान के लिए स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। कोल विधायक श्री अनिल पाराशर ने शहीदों के परिवारों को सरकार की तरफ से स्मृति चिन्ह भेंट किए।
जिलाधिकारी अलीगढ़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अलीगढ़ के लोगों के पास चित्र प्रदर्शनी व दूसरे कार्यक्रमों के जरिए अपनी आजादी को याद करने का सुनहरा मौका है। कार्यक्रम में गीत एवं नाटक प्रभाग, कासगंज की टीम ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
08/15/2022 07:05 PM