Aligarh
जिला कारागार अलीगढ़ में पूर्ण निष्ठा, सद्भाव और हर्षोल्लास से रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया: भाइयों को देखकर कुछ बहनें बेहोश हो गई।
अलीगढ़। आज़ दिनांक 12 अगस्त 2022 को जिला कारागार अलीगढ़ में रक्षाबंधन का पावन पर्व सर्वधर्म समभाव की पूर्ण निष्ठा, सद्भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शासन और कारागार मुख्यालय की मंशानुरूप कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव तथा जेलर श्री पी.के.सिंह द्वारा भलीभांति सुनिश्चित किया गया कि कारागार में निरुद्ध किसी भी बंदी भाई की कलाई रक्षाबंधन के पावन रक्षासूत्र से सूनी न रहे।
इस अवसर पर कारागार प्रशासन द्वारा कारागार में उपलब्ध यथेष्ठ संसाधनों का भरपूर इस्तेमाल करते हुए हर सम्भव प्रयास किया गया कि बंदियों की कलाई में राखी बांधने आने वाली आगंतुक बहनों को किसी तरह की कोई असुविधा न होने पाए।
इसके लिए जगह जगह पर स्वच्छ पेयजल और किसी भी चिकित्सीय आकस्मिकता से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था जेल प्रशासन द्वारा की गई थी। कारागार के मुख्यद्वार पर एक एम्बुलेंस और कारागार के अंदर मुलाकात स्थल पर चिकित्सीय टीम पर्याप्त दवाओं एवं आवश्यक उपकरणों से लैस लगातार मुस्तैदी के साथ उपस्थित रही।
जिला कारागार अलीगढ़ में रक्षाबंधन के पुनीत अवसर पर कुल 2125 आगंतुक महिलाओं के साथ 782 बच्चे भी निरुद्ध परिजनों से मुलाकात के लिए आये, वहीं बाहर से आये 28 भाइयों ने जेल में निरुद्ध अपनी बहनों से मिलकर राखी बंधवाई।
इस दौरान कई बार भावुक पल देखने को मिले जब भाइयों को देखकर कुछ बहनें बेहोश हो गई , तत्काल चिकित्सीय टीम द्वारा उनका परीक्षण कर उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा जेल चिकित्सालय से उपलब्ध कराई गई इनमें से कुछ प्रकरण तो गम्भीर प्रकृति के भी रहे जिसका प्रमुख तात्कालिक कारण निर्जल व्रत रहकर अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधने की आस्था थी। ऐसी आगंतुक बहनों को चिकित्सीय सुविधा के साथ साथ उनके जलपान और फलाहार की व्यवस्था भी जेल प्रशासन द्वारा की गई।
चुस्त दुरुस्त और चाकचौबंद व्यवस्था के कारण रक्षाबंधन का पावन पर्व पूर्ण हर्षोल्लास के साथ जिला कारागार अलीगढ़ में सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव तथा जेलर श्री पी.के. सिंह द्वारा सभी आगंतुकों एवं जेल में निरुद्ध बंदियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
08/12/2022 08:45 PM