Aligarh
मीडियाकर्मी को अज्ञात बदमाश ने मारी गोली, गांधीपार्क थाना क्षेत्र के धनीपुर मंडी में देर रात की घटना: फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस।
अलीगढ़। अलीगढ़ के गांधीपार्क थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाश ने मामूली विवाद होने पर मीडियाकर्मी को गोली मार दी। गोली पेट में जा धंसी और मीडियाकर्मी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया।
लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और एंबुलेंस को दी। घायल मुकेश गुप्ता को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। देर रात तक घायल का ऑपरेशन चलता रहा। घटना की जानकारी मिलने पर डीआईजी, एसएसपी समेत पुलिस के अन्य आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
धनीपुर मंडी के अंदर हुई घटना
नौरंगाबाद छावनी निवासी मुकेश गुप्ता अलीगढ़ में एक टीवी चैनल में पत्रकार हैं। गुरुवार देर रात वह दो अन्य मीडियाकर्मियों संजीव, प्रमोद के साथ धनीपुर मंडी में दुकान नंबर 71 के पास खाना खा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और बहस करने लगा।
मुकेश और उनके दोनों साथियों ने उसे समझाने की कोशिश की और वहां से जाने को कहा। वह नहीं माना और उसने मुकेश को गोली मार दी। घायल हालत में मुकेश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली पेट के दाहिने हिस्से में फंसी है, जिसे निकाला जा रहा है।
आरोपी मौके से फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे एसएसपी ने तत्काल टीमों का गठन करके आरोपी की तलाश के लिए रवाना किया। इसके साथ ही एक टीम को आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्दी ही पुलिस आरोपी तक पहुंच जाएगी।
06/03/2022 05:16 AM