Aligarh
प्रशासन है बेखबर, शहर में बेखौफ बेचा जा रहा तेजाब:
अलीगढ़। भले ही प्रशासन ने देहलीगेट के शाहजमाल एडीए कॉलोनी में बिना लाइसेंस तेजाब की बिक्री व आबादी क्षेत्र में भंडारण पर छापेमारी की कार्रवाई की हो, लेकिन शहर में कई और भी स्थानों पर इसकी बेखौफ बिक्री हो रही है। उन स्थानों पर भी लगाम लगाने के लिए प्रशासन को अभी और भी छापेमारी व कार्रवाई करनी होगी। एसिड अटैक की बढ़ती घटनाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा रखा है। पुलिस- प्रशासन की अनदेखी से दुकानों पर तेजाब की खुलेआम बिक्री हो रही है। इसकी बिक्री को रोकने में न तो प्रशासन को कोई दिलचस्पी है और न ही पुलिस को। बेखौफ होकर दुकानदार नमक का तेजाब होने की बात कहकर असली तेजाब बेच रहे हैं। यह खेल शहर में भी खूब फल - फूल रहा है। उद्योगों में इस्तेमाल के नाम पर कई इलाकों में बिना पूछताछ के खुलेआम बिक्री हो रही है। ऐसे में कोई भी सिरफिरा आसानी से तेजाब खरीद कर एसिड अटैक जैसी घटना को अंजाम भी दे सकता है।
दुकानदारों का कहना है कि वह घरों के शौचालय साफ करने के लिए नमक का तेजाब बेच रहे हैं। अब शहर में तेजाब का कारोबार काफी बढ़ गया है। मुख्य बाजारों में कई लोग खुलेआम बोतलों में तेजाब की बिक्री कर रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि तेजाब की बिक्री कर रही ऐसी दुकानों को चिन्हांकित तक कार्रवाई की जाएगी।
05/24/2022 04:10 AM