Aligarh
अनुचित लाभ ले रहे राशन कार्ड धारकों के लिये अन्तिम चेतावनी: अपात्र राशन कार्ड करें समर्पित, अन्यथा कार्यवाही के लिये रहें तैयार।
अलीगढ़ 19 मई 2022 (सू0वि0) प्रदेश सरकार द्वारा जरूरतमंदों, गरीबों के हितार्थ विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं, परंतु देखने में मिलता है कि कुछ अपात्र व्यक्तियों द्वारा तथ्यों को छिपाकर योजनाओं का लाभ लिया जा रहा है। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने संवेदनशील और गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए जनपद के सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह पात्रों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में तथ्य छिपाकर अनुचित लाभ लिए जाने के संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि जनपद में प्रचलित निम्न श्रेणी राशन कार्ड धारकों को अंतिम अवसर देते हुए निर्देशित किया जाता है कि यदि परिवारों, व्यक्तियों द्वारा अनुचित लाभ लिया जा रहा है तो वह अपना राशन कार्ड जिला पूर्ति कार्यालय में समर्पित कर दें अन्यथा की दशा में उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि परिवार का कोई सदस्य आयकर दाता है, परिवार के किसी सदस्य के स्वामित्व में चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, एयर कंडीशनर, 5 केवीए या उससे अधिक क्षमता का जनरेटर, ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे परिवार जिसके किसी भी सदस्य के पास अकेले या अन्य सदस्य के पास 5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि, नगरीय क्षेत्र के ऐसे परिवार जिसके किसी भी सदस्य के पास अकेले या अन्य सदस्य के साथ 100 वर्ग मीटर से अधिक का स्व अर्जित आवासीय प्लाट या उस पर स्वनिर्मित मकान अथवा 100 मीटर से अधिक कारपेट एरिया का आवासीय फ्लैट एवं ऐसे परिवार जिसके किसी भी सदस्य के स्वामित्व के साथ 80 वर्ग मीटर या उससे अधिक कारपेट एरिया का व्यवसायिक स्थान है, ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे परिवार जिसके समस्त सदस्यों की आय ₹200000 वार्षिक से अधिक है और नगरीय क्षेत्र के ऐसे परिवार जिसकी समस्त स्रोतों की आय ₹300000 वार्षिक से अधिक है, ऐसे परिवार जिनके सदस्यों के पास एक से अधिक शास्त्र लाइसेंस, सरकारी नौकरी या पेंशनभोगी परिवार अपात्र की श्रेणी में आते है इनको राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभ नहीं दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार चलाए गए महा अभियान के तहत निम्न श्रेणी राशन कार्ड धारकों द्वारा अब तक 5088 राशन कार्ड समर्पित किए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि तहसील कोल में 701, इगलास में 810, अतरौली में 831, खैर में 380, गभाना में 705, सिविल लाइन में 1210 एवं नगर क्षेत्र में 451 अपात्र राशन कार्ड धारकों द्वारा राशन कार्ड को समर्पित किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी का मानना है कि अभी भी भारी संख्या में अपात्र राशन कार्ड धारकों द्वारा अनुचित लाभ प्राप्त किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे समस्त राशन कार्ड धारकों को अंतिम चेतावनी देते हुए एक बार पुनः सचेत किया है कि वह 1 सप्ताह के अंदर अपने नजदीकी क्षेत्रीय खाद्य कार्यालय या जिला पूर्ति कार्यालय में जाकर अपना राशन कार्ड समर्पित कर दें अन्यथा की दशा में जांच में अपात्र पाए जाने पर उनका राशन कार्ड निरस्त करने के साथ-साथ ऐसे परिवार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जब से वह परिवार का राशन ले रहा है तब से खाद्यान्न का आकलन करते हुए वसूली की जाएगी, जिसके लिए संबंधित कार्ड धारक स्वयं उत्तरदाई होगा।
05/20/2022 02:36 PM


















