Aligarh
लोअर के ₹250 मांगने पर दबंग ने युवक को ब्लेड मारकर किया गंभीर घायल, मेडिकल में एडमिट:
अलीगढ़ के थाना देहली गेट इलाके के सराय मियां में एक दुकानदार युवक को लोअर के ढाई सौ रुपए मांगना इतना भारी पड़ गया कि दबंग युवक ने मारपीट करते हुए ब्लेड चेहरे पर मार कर दुकानदार युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर भीड़ एकत्रित होते देख आरोपी युवक फरार हो चुका है। इधर घायल युवक को आनन-फानन में मलखान सिंह जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां घायल का उपचार जारी है। वहीं, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशाल नाम का युवक सराय मियां में कपड़ों की दुकान चलाता है। खुशाल से क्षेत्रीय दबंग प्रवृत्ति का छोटू नाम का युवक कुछ दिन पूर्व एक ₹250 कीमत का लोअर उधार लेकर चला गया। शुक्रवार रात को सराय मियां के एक चौक पर छोटू अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मौजूद था। तभी वहां दुकानदार खुशाल पहुंचा और छोटू से अपने लोअर के ₹250 मांगे तो वह आक्रोशित हो गया और खुशाल के साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे ब्लेड से चेहरे पर प्रहार कर दिया। ब्लेड लगते ही खुशाल का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ एकत्रित होते देख आरोपी छोटू अपने साथियों के साथ खुशाल को खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गया। इधर घटना की सूचना इलाका पुलिस व सरकारी एंबुलेंस तक पहुंची तो घायल को आनन-फानन में मलखान सिंह जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर हालत गंभीर होने के चलते जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए देर रात रेफर कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
05/07/2022 05:56 PM