Aligarh
दुकान बंद कर जा रहे आढ़ती से लाखों की लूट:अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र में कार सवार लुटेरों ने घटना को दिया अंजाम:
अलीगढ़ में बेखौफ बदमाशों का आतंक लगातार जारी है। छर्रा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात कार सवार बदमाशों ने आढ़ती के साथ लाखों की लूट की। दिन भर का काम निपटाने के बाद आढ़ती अपनी दुकान बंद करके भतीजे के साथ घर जा रहे थे। उनके पास एक थैला था, जिसमें दिन भर का सारा कैश था। दोनों दुकान से कुछ ही आगे हाईवे पर पहुंचे थे कि पीछे से उन्हें एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी। बाइक में भीषड़ टक्कर लगने के कारण दोनों चाचा भतीजे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच कार से उतरे लुटेरे उनका थैला लेकर वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
आढ़ती के थैले में थे 4.90 लाख रुपए
छर्रा स्थित गल्ला मंडी में सिंघल ट्रेडर्स के नाम से आढ़त की दुकान चलाने वाले मनोज सिंघल थाना पाली मुकीमपुर के बिजौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। हर दिन घर से ही वह दुकान में आना जाना करते हैं। शुक्रवार को भी वह हर दिन की तरह अपने घर जा रहे थे। दुकान से वह बाइक पर निकले थे और उनका भतीजा सचिन उनके पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही वह छोइया के निकट पहुंचे पीछे से कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। मनोज ने बताया कि वह दोनों घायल होकर जमीन पर गिर गए। जिसके बाद दो बदमाश कार से उतरे और उनका थैला छीनकर ले गए। उन्होंने बताया कि थैले में दिन भर के 4.90 लाख रुपए और दुकान के जरूरी कागजात थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद दोनों चाचा भतीजे गंभीर रूप से घालय हो गए हैं। जिसके बाद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। वहीं प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गए। ऐसे में पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे कि आरोपियों को पकड़ा जा सके।
सीओ छर्रा विशाल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने के बाद मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी जल्दी ही पुलिस की हिरासत में होंगे।
04/30/2022 05:53 AM