Aligarh
जिला कारागार अलीगढ़ में आयोजित "अलीगढ़ जेल प्रीमियर लीग 2022" के विजेता और उपविजेता टीम के सदस्यों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया:
अलीगढ। आज दिनांक 15 मार्च 2022 को जिला कारागार अलीगढ़ में आयोजित "अलीगढ़ जेल प्रीमियर लीग 2022" के विजेता और उपविजेता टीम के सदस्यों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया और विजेता टीम राइटर पैंथर्स के कप्तान राहुल चौधरी को जिला कारागार अलीगढ़ में आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि श्री गौरव दयाल, मंडलायुक्त महोदय अलीगढ़,मंडल अलीगढ़ द्वारा ट्राफी प्रदान की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि मंडलायुक्त महोदय का स्वागत प्रभारी वरिष्ठ अधीक्षक/जेलर श्री पी.के. सिंह द्वारा बुके देकर किया गया । कारागार में निरुद्ध बंदी समुदाय की ओर से अपने बीच मुख्य अतिथि श्री गौरव दयाल, मंडलायुक्त महोदय को पाकर उनके सम्मान में सिद्ध दोष बंदी दानी, दीपू, हरिकेश आदि के द्वारा स्वागत गीत का गायन किया गया एवं उन्हें पुष्प देकर समस्त बंदी समुदाय की ओर से सम्मान अर्पित किया गया,जिससे कारागार का वातावरण माननीय मंडलायुक्त महोदय की गरिमामई उपस्थिति से भाव विभोर हो गया। इस दौरान अलीगढ़ जेल प्रीमियर लीग में भाग लेने वाली सभी टीमों की परेड प्रदर्शित की गई जिसमें प्रत्येक टीम के कप्तान टीम के झंडे सहित सभी खिलाड़ियों के साथ निर्धारित गणवेश में शामिल हुए। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, मंडलायुक्त महोदय द्वारा जेलर श्री पी.के. सिंह के साथ क्रिकेट लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों एवं उनके कप्तानों से परिचय प्राप्त किया गया। बंदी समुदाय को उनके द्वारा अपने सम्बोधन में कारागार के कठिन जीवन के बीच इस तरह की खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु जेलर श्री सिंह को विशेष रूप से बधाई दी गई। उनके द्वारा बंदियों को खेल भावना का व्यावहारिक जीवन में विशेष महत्व बताते हुए हमेशा सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपराधमुक्त जीवन जीने हेतु प्रेरित किया गया। उनके द्वारा कारागार के अंदर बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास हेतु संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए बंदियों को इन गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर भाग लेने हेतु प्रेरित किया गया। उनके द्वारा यह भी कहा गया कि कारागार में निरुद्धि के समय को बंदीगण बेकार न करें बल्कि इस समय को अपने आपको मानसिक एवं शारीरिक रूप से समृद्ध करते हुए सकारात्मक कार्यों में प्रयोग करें। आदरणीय मंडलायुक्त महोदय द्वारा अपने सम्बोधन में अलीगढ़ जेल प्रीमियर लीग के आयोजन और सफलता पूर्वक समापन हेतु प्रभारी वरिष्ठ अधीक्षक/जेलर श्री पी.के.सिंह को बधाई देते हुए कहा गया कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन के बारे में सोचना और उन्हें यथार्थ के धरातल पर उतारना वाकई प्रशंसनीय है। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त महोदय द्वारा कारागार में किये जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए प्रभारी वरिष्ठ अधीक्षक/ जेलर श्री पी.के. सिंह, डिप्टी जेलर श्री राजेश राय, श्री आफताब अंसारी , श्री सुरेश कुमार, श्री प्रिय कुमार मिश्र, वरिष्ठ सहायक श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट श्री आनन्द कुमार पाण्डेय व जेल वार्डर श्री देवदत्त को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। मंडलायुक्त महोदय द्वारा इस तरह की प्रतियोगिताएं कारागार के अंदर भविष्य में भी संचालित करते रहने का भी आवाहन किया गया। इस तरह अलीगढ़ जेल प्रीमियर लीग 2022 (होली स्पेशल) का भव्य समापन हुआ।
03/16/2022 05:24 AM


















