Aligarh
अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने पुलिस कर्मियों की सुनी शिकायतें मौके पर किया समाधान: स्थानांतरण, आवास आवंटन व मरम्मत, वेतन विसंगति, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अवकाश आदि का समाधान किया।
अलीगढ़ : रविवार को जनता के बजाय , पुलिस कार्यालय पर पुलिस कार्मिक सुनवाई/सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की समस्याओं सुनी गई जिसमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया/ शेष प्रक्रियाधीन है।
दुखी पुलिसकर्मी ने कहा कप्तान साहब मेरे पास आवास नहीं है। थाना सिविल लाइन में एक आवास खाली भी है। आवास दिला दीजिए। यह पीड़ा सिविल लाइन के सिपाही मानवेंद्र शर्मा ने पुलिसकर्मियों की जनसुनवाई के दौरान रखी। कप्तान कलानिधि नैथानी ने थाने को फोन लगाकर स्थिति जानी और आवास आवंटित कर दिया। रविवार को जनसुनवाई के दौरान चार घंटे मैराथन बैठक चली। पुलिसकर्मियों ने अपनी परेशानी का हवाला देकर पोस्टिग, आवास, वेतन संबंधी समस्याएं बताईं। कप्तान ने 101 शिकायतों पर तत्काल आदेश किए, पुलिसकर्मियों के चेहरे खिल उठे।
पुलिसकर्मियों के वेलफेयर व समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रविवार को पुलिस कार्यालय में सुबह 10 बजे से कार्मिक सुनवाई, महासैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न थानों-चौकियों से पुलिस कर्मियों ने स्थानांतरण, आवास आवंटन व मरम्मत, वेतन विसंगति, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अवकाश आदि के 101 प्रार्थना पत्र दिए। इनका कप्तान ने तत्काल निस्तारण किया। कुछ पुलिसकर्मियों ने गैर जनपद स्थानांतरण के लिए प्रार्थना पत्र दिए गए थे, जिन्हें संस्तुति सहित अग्रसारित कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया गया। कुछ पुलिसकर्मी सेवानिवृत्ति के करीब थे, जो परिवार के पास तैनात होना चाहते थे। कुछ शारीरिक रूप से अक्षम थे, जो कार्यालय आदि में जाना चाहते थे। वहीं कई साल से एक ही थाने पर तैनात महिलाएं भी परिवार के पास रहना चाहती थीं। कुछ को बच्चों की देखभाल में समस्या थी। कुछ पुलिसकर्मियों की समस्या थी कि बीमार हैं और तैनाती दूर है। कुछ पति-पत्नी आसपास थानों में पोस्टिग चाहते थे। कप्तान ने फौरन आदेश किए। सुनवाई के दौरान सभी शिकायतों को एक रजिस्टर में दर्ज किया गया। इनकी समीक्षा की जाएगी। एक पुलिसकर्मी को अनुरोध के अनुसार तत्काल गैरजनपद रिलीव किया गया। इस दौरान एसपी देहात शुभम पटेल, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, एएसपी मनीष शांडिल्य, सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय, सीओ खैर इंदू सिद्धार्थ मौजूद रहे।
इन्हें भी मिला आवास
थाना सासनीगेट में तैनात महिला सिपाही सुषमा यादव को थाना गांधीपार्क में, जबकि इगलास में तैनात सिपाही नरेंद्र सिंह को सुरक्षा विहार में आवास आवंटित किया गया है।
जन्मदिन या शादी है तो अवकाश मिलेगा
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को उनके जन्मदिन, शादी की सालगिरह, उनके बच्चों के जन्मदिन, किसी नजदीकी रिश्तेदार की शादी व अन्य समारोह में शामिल होने के लिए अवकाश दिए जाने के संबंध में सभी अधिकारियों, थाना प्रभारी व शाखा प्रभारी को भी आदेश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि यदि सभी लोग तनाव से मुक्त रहेंगे तो जनता के प्रति उनका व्यवहार अच्छा होगा और कार्यकुशलता भी आएगी।
पार्क के लिए अनुदान, दो थानों को दिए पांच-पांच लाख रुपये
सुरक्षा विहार में पुलिस आवासों में बच्चों को खेलने के लिए पार्क न होने पर एसएसपी ने तत्काल अनुदान जारी किया। थाना छर्रा में मेस व स्वच्छ जल के लिए मौके पर ही पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई। थाना गौंडा में भी कर्मचारियों के निवास की समस्या को लेकर पांच लाख की धनराशि स्वीकृत कराई गई। न्यायालय सुरक्षा में नियुक्त सिपाही विपिन यादव ने बताया कि उनका वेतन ज्यादा आ रहा है, सही करा दिया जाए। कप्तान ने ईमानदारी पर सराहना भी की। आंकिक शाखा प्रभारी को निस्तारण के लिए आदेश दिए।
इनको मिली मन मुताबिक तैनाती
सुनवाई के दौरान 20 पुलिसकर्मियों को मनमुताबिक तैनाती भी मिली। इनमें एसआइ प्रदीप कुमार को थाना खैर से पिसावा, एसआइ संदीप कुमार को यातायात से नौरंगाबाद चौकी प्रभारी, हेड कांस्टेबल इशाक हुसैन को थाना बरला से क्वार्सी, गंभीर सिंह को यातायात पुलिस से थाना टप्पल, होशियार सिंह को थाना खैर से सदर हवालात, राजूश बाबू को पुलिस लाइन से यूपी-112, सुधीर कुमार को थाना कोतवाली नगर से अकराबाद, रनवीर सिंह को थाना टप्पल से परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया है। इसी तरह सिपाही विकास कुमार को थाना गोधा से सीओ प्रथम कार्यालय, अमित कुमार को पुलिस लाइन से थाना बन्नादेवी, प्रवीन कुमार को देहलीगेट से मडराक, राजीव कुमार को मडराक से देहलीगेट, प्रदीप कुमार को देहलीगेट से टप्पल, उत्तम को छर्रा से चंडौस, अनुपम कुमार को खैर से बन्नादेवी, बृजपाल सिंह को यातायात पुलिस से थाना टप्पल, ईश्वर सिंह को देहलीगेट से हरदुआगंज, महिला सिपाही हिमानी यादव को गांधीपार्क से महुआखेड़ा, कविता को महिला थाना से टप्पल तैनात किया गया है।
12/12/2021 07:08 PM


















