Aligarh
बदलते मौसम में सर्दी से रहें सावधान : सीएमओ: बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों का रखें खास ख्याल ।
अलीगढ़, 02 दिसम्बर 2021।
मौसम बदलने से सुबह और शाम में सर्दी बढ़ने लगी है। रात और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगी है। इस बदलते मौसम में सावधानी रखने की जरूरत है। ठंड बढ़ने के चलते लोग कफ के शिकार होने लगे हैं। बच्चे और बुजुर्गो को इस मौसम में संभलकर रहने की जरूरत है। सर्दी और बुखार आने पर अवश्य जांच कराएं। कोरोना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी भी जारी कि है कि सर्दी और बुखार को हल्के में न लें।
ठंड मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने लगी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय में फ्लू ओपीडी में हर रोज करीब 80 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इस दौरान फ्लू के लक्षण वालों के कोरोना संक्रमण के जांच के नमूने भी लिए जाते हैं।
सीएमओ डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बताया कि बदलते व सर्दी के मौसम से कोरोना सहित अन्य मौसमी बीमारियां चपेट में ले सकती हैं। इसलिए जरूरी है कि आमजन स्वयं के स्तर पर भी खुद बचें एवं अन्य लोगों को बचाएं। विभाग ने भी कोरोना रोकथाम को लेकर जागरूकता गतिविधियां बढ़ाई हैं ताकि आमजन इसकी चपेट में आने से बच सकें।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के अनुसार इन दिनों दिन में धूप और सुबह व शाम को सर्दी होती है जो लापरवाही के चलते चपेट में ले सकती है। ऐसे में अब सर्दी, खांसी, जुकाम व बुखार जैसी सामान्य बीमारियां जकड़ सकती हैं। इसके साथ ही वर्तमान में कोरोना बढ़ता दिखाई दे रहा है जो लापरवाही पर घातक साबित हो सकता है। जरूरी है कि इन दिनों सर्दी से खुद को बचाते हुए बीमारियों से बचें।
उन्होंने कहा कि इन दिनों पूरी बाजू के कपड़े पहने जाएं और साप्ताहिक रूप से गमलों से, गमलों की ट्रे और फ्रिज की ट्रे का पानी साफ किया जाए ताकि मच्छर न पनप सकें। घर के आसपास मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव करवाएं।
इस संबंध में आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मौसम बदलने से ठंड बढ़ने लगी है। जुकाम और खांसी होने पर गुनगुने दूध में 2 से 3 ग्राम हल्दी डालकर सेवन करें। साथ ही दिन में भाप भी जरूर लें। रात में दही, चावल, राजमा, ठंडा पानी और आइस्क्रीम का सेवन न करें। इनके सेवन से जुकाम, खांसी और बुखार होने का खतरा है। सर्दी में गुनगुने पानी का सेवन करें। पूरे बाजू के कपड़े पहनें।
डॉ. अंकुर अग्रवाल ने कहा कि गर्म कपड़े पहनें और मच्छरों को न पनपने दें और जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ पहले की तुलना में गिरा है। इसके बाद भी सतर्क रहने की जरूरत है।
12/02/2021 03:35 PM


















