Aligarh
कोविड-19 पर शहर विधायक ने स्वास्थ्य विभाग अलीगढ़ से पूछे ऐसे सवाल जिनका जवाब देना पड़ रहा भारी:
अलीगढ़। भाजपा के शहर क्षेत्र के विधायक संजीव राजा ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कमिशभनर से शिकायत तो कर रखी है। मगर स्वास्थ्य महकमे ने इन शिकायतों और सवालों पर चुप्पी साध रखी है। दो माह बीतने के बाद भी न तो इन सवालों पर जांच का कोई नतीजा सामने आया है और न जवाब ही मिला है। इसे लेकर महकमे में तमाम चर्चाएं हैं।
विधायक संजीव राजा की ओर से एक दर्जन से अधिक सवाल खड़े करते हुए कमिशभनर को दो माह पहले शिकायत दी गई थी, जिसमें स्वास्थ्य महकमे में हो रही अनियमितताओं पर बिंदुवार एक सप्ताह में जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इसमें कई ऐसे महत्वपूर्ण बिंदु हैं, जो खासे सुर्खियों में हैं। इनमें नौरंगाबाद पीएचसी की वैक्सीन नोएडा के अपार्टमेंट में पहुंचने का विषय, जिसमें विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत का मामला, कोविड के दौरान संविदा पर तैनात किए गए स्टाफ संबंधी विषय, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की खरीद आदि के विषय महत्वपूर्ण हैं। विधायक की शिकायत पर कमिशभनर की ओर से सीएमओ को पत्र लिखकर एक सप्ताह में जांच के निर्देश दिए गए थे। सीएमओ ने भी इस मामले में अपने अधीन एसीएमओ डॉ.एसपी सिंह को जांच सौंप दी गई। मगर दो माह बीतने के बाद भी महकमे ने चुप्पी साध रखी है। इस पर तमाम चर्चाएं हो रही हैं।
- मामले में एक दर्जन बिंदुओं में अनियमितताओं के चलते मेरे स्तर से कमिशभनर से शिकायत की गई थी। मगर अभी तक उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। अब उनके द्वारा इस मामले में फिर से रिमाइंडर देने की तैयारी है। जरूरत हुई तो शासन स्तर पर भी विषय उठाए जाएंगे। - विधायक संजीव राजा ।
औषधि के अभाव में नहीं हो रहे नेत्र ऑपरेशन
विधायक की ओर से इसी माह में एक दूसरा पत्र कमिशभनर को भेजा गया है, जिसमें उल्लेख है कि शीत ऋतु में मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराना लोग उचित समझते हैं। मगर जिला अस्पताल में औषधियों की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। विधायक ने कहा है कि कई बार मांग पत्र भेजे जाने के बाद भी जिला अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दवाओं की आपूर्ति नहीं हुई है। अब चूंकि लोग लगातार ऑपरेशन के लिए पहुंच रहे हैं, मगर दवाएं न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो रहे और लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। विधायक ने इस मामले में कमिशभनर से संज्ञान लेकर समाधान का अनुरोध किया है।
ये हैं विधायक के सवाल-है :-
- कोविड में जनपद के किन अस्पतालों में कितनी मृत्यु, उनका ब्योरा क्या।
- प्रशासनिक कार्य में लगे डॉक्टर कब और कहां चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं।
- नौरंगाबाद सीएचसी की वैक्सीन नोएडा पहुंचने मामलें में क्या कार्रवाई हुई।
- कोविड में सीएचसी, पीएचसी पर तैनात किए गए स्टाफ की वर्तमान स्थिति।
- जेम पोर्टल के जरिये नियुक्त किए गए कर्मचारियों के नाम व उनकी योग्यता।
- ओटी तकनीशियन के पद पर हुए साक्षात्कार की सूचना कहां प्रसारित की गई।
- आरबीएसके में लगे आयुष डॉक्टरों की ड्यूटी में कब और कहां कैंप लगे हैं।
- रोगी कल्याण समितियों में कौन सदस्य हैं और उनकी बैठकों का क्या क्रम है।
- ऑक्सीजन कंसट्रेटर सीएचसी व पीएचसी पर रखना विचारणीय है या नहीं है।
- शहर विधानसभा क्षेत्र के 11 पीएचसी की विभिन्न बिंदुओं पर क्या स्थिति है।
11/22/2021 02:59 PM


















