Aligarh
धनीपुर नवीन गल्ला मंडी के आढ़तिया से 22 लाख रुपये लूट लिए गए- पुलिस जांच में लगी: शहर के कुछ व्यापारी संगठनों में भी आक्रोश।
अलीगढ़। महानगर में आज गुरुवार को बदमाशों ने 22 लाख रुपये लूट लिए. लूट की यह वारदात जीटी रोड पर हुई है. पुलिस का कहना है कि जिस जगह की वारदात बताई जा रही है, किसी ने इस वारदात की पुष्टि नहीं की है. बावजूद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ।
पुलिस के मुताबिक, धनीपुर नवीन गल्ला मंडी के आढ़तिया देव कुमार के कर्मचारी अजय से 22 लाख रुपये लूट लिए जाने की शिकायत मिली है. बताया गया है कि थाना गांधी पार्क के सामने दिनदहाड़े यह वारदात हुई है. जिले भर में पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है. हालांकि, पुलिस का यह भी कहना है कि घटनास्थल के आसपास के लोगों ने इस तरह की किसी वारदात होने की जानकारी नहीं दी है. मामले की जांच की जा रही है।
विष्णुपुरी के रहनेवाले देव कुमार गर्ग धनीपुर नवीन गल्ला मंडी के बड़े आढ़तियों में शामिल हैं. इनके कर्मचारी हैं अजय कुमार, जो क्वार्सी थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं. अजय ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एचडीएफसी बैंक से 22 लाख रुपये निकाले. एचडीएफसी बैंक की यह शाखा मंडी से करीब 500 मीटर की दूरी पर है. पास ही थाना गांधी पार्क है. अजय कुमार बैंक से रुपये लेकर बाइक से मंडी आ रहे थे. रुपये थैले में थे. आरोप है कि थाने के पास बाइक सवार बदमाश ने उससे थैला छीन लिया. इसकी सूचना पर मंडी के आढ़ती मौके पर पहुंच गए. पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए. कुछ ही देर में एसएसपी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने अजय कुमार से वारदात की जानकारी लेने के अलावा क्षेत्र के लोगों से भी बातचीत की।
दिनदहाड़े लूट होने से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है. आढ़तियों के अलावा शहर के कुछ व्यापारी संगठनों में भी आक्रोश है. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जहां की वारदात बताई जा रही है, वहां के लोगों से पूछताछ की गई है. किसी ने इस वारदात की कोई जानकारी नहीं दी. क्षेत्र में कोई हलचल नजर नहीं आई. मामले की जांच की जा रही है।
11/11/2021 08:06 PM