Aligarh
PM मोदी के अलीगढ़ आगमन से पहले AMU के पूर्व छात्रनेता ने RSS प्रमुख मोहन भागवत को लिखा पत्र: ज़रूरी मांगों को पूरा करने पर ज़ोर दिया।
अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 सितंबर को अलीगढ़ आगमन से पहले ही अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र नेता नदीम अंसारी फिर सक्रिय हो गए हैं। बीते वर्ष एएमयू के सौ वर्ष पूरा होने के एक दिन पहले 21 दिसंबर को पीएम मोदी को ई-मेल भेजने वाले अंसारी ने अब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखा है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटीके बेहद चर्चित छात्र नेता रहे नदीम अंसारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत एक पत्र लिखा है। इसमें अंसारी ने लिखा है कि आप जो बयान देते हैं वो तो स्वागत योग्य हैं, इसलिए मुसलमानों के लिए भी मदरसे, स्कूल और कॉलेज बनाने की कृपा करें। नदीम ने लिखा है कि बीती सात सितंबर को पुणे में आपने कहा था कि हिंदुस्तान में रहने वाले सभी लोगों का डीएनए एक है, मतलब सभी के पूर्वज एक हैं। हिंदुस्तानी आपस में भाई-भाई हैं। हम आपके इस बयान का स्वागत करते हैं जो देश को जोडऩे का काम करते हैं। वो भी ऐसे समय में जब देश में आए दिन मुसलमानों के खिलाफ कुछ न कुछ क्रूरता और अत्याचार होता रहता है।
नदीम अंसारी ने मोहन भागवत को पत्र में आगे लिखा है कि आपने ये भी कहा है कि सभी मुसलमान विद्वानों और बुद्धिजीवियों को कट्टरपंथियों के खिलाफ खड़े रहना चाहिए। यह सब जितना जल्दी होगा, समाज को उतना ही कम नुकसान होगा। आपका यह बयान भी स्वागत योग्य है। मैं आपसे विनती करता हूं कि आप मुसलमानों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए उनके लिए मदरसे, स्कूल और कॉलेज बनवाने की कृपा करें।
इस पत्र के अंतिम पैरा में लिखा है कि आपने यह भी कहा है कि सभी मुसलमानों को भारत में रहते हुए नहीं डरना चाहिए, क्योंकि यह डर अंग्रेजों ने पैदा किया है न कि हिंदुओं ने। आपसे मेरी गुजारिश है कि आप आगे आकर मुसलमानों के लिए ऐसे काम करें जिससे मुसलमान भारत में अपने आपको सुरक्षित महसूस कर सकें और सभी बहुसंख्यकों के साथ मिलकर काम कर सकें।
इससे पहले नदीम अंसारी ने बीते वर्ष अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में 22 दिसंबर के एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक नौ सूत्री पत्र मेल से भेजा था। वह अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सौ वर्ष पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का विरोध कर रहे थे। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने पीएम मोदी को मेल करके नौ सूत्रीय मांग रखी थी। 7 मांग तो अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से संबंधित थीं, जबकि आठवीं मांग में उन्होंने लिखा था कि एएमयू पर झूठे इल्जाम लगा कर उसे बदनाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश पुलिस विभाग को देने की कृपा करें। नौवीं मांग में उन्होंने कहा कि एएमयू को आतंकवाद की नर्सरी बोलने वालों पर उचित कार्रवाई करने की कृपा करें।
09/12/2021 07:37 PM


















