Aligarh
सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवति महिलाओं की हुई नि:शुल्क जांच: नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पला साहिबाबाद पर पीएमएसएमए दिवस का हुआ आयोजन।
अलीगढ़। जिले में शुक्रवार को सभी स्वास्थ्य इकाइयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया गया। अभियान के दिन गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को भी जागरुक किया गया। साथ ही लक्ष्य दंपत्ति को परिवार नियोजन साधनों को उपलब्ध कराए गए और उनकी काउंसलिंग भी हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद उपाध्याय ने बताया कि (पीएमएसएमए) के आयोजन का मुख्य उद्देश्य गर्भवती की पूरी गर्भावस्था के दौरान एमबीबीएस चिकित्सक के द्वारा जांच कराकर उच्च जोखिम की गर्भावस्था की पहचान करना है ताकि उनका समय से उच्च अस्पताल में संदर्भन कर इलाज किया जा सके और अधिक से अधिक गर्भवती की जांच कर उच्च खतरे वाली गर्भावस्था की पहचान की जाये ताकि भविष्य में उन्हें किसी अनहोनी से बचाया जा सके।
परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी व अपर मुख्य चिकिता अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि शुक्रवार शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। जिसमें गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड सहित, यूरिन, हीमोग्लोविन, शुगर, सिफलिस, वजन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप और एचआईवी और कोविड -19 की जाँच की गई और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन किया गया।
सीनियर वरिष्ठ परिवार नियोजन विशेषज्ञ महरोज तस्लीम सिद्दीकी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लक्ष्य दंपत्ति को बास्केट ऑफ च्वॉइस की सहायता से परिवार नियोजन साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पला साहिबाबाद की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशु सक्सेना ने बताया कि पीएमएसएमए के तहत हुए एचआरपी डे पर 115 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। 19 उच्च जोखिम अवस्था वाली गर्भवती मिली। उन्होंने बताया कि सभी महिलाओं की एचआईवी सहित सिफलिस, ब्लड इत्यादि की जांच कीगई।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच यूरिन, हीमोग्लोविन, शुगर, सिफलिस, वजन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप और एचआईवी और कोविड -19 की जाँच की गई।
प्राइवेट हॉस्पिटल राज माता की (गायनोलॉजिस्ट) डॉ. जया शर्मा ने बताया कोरोना काल में गर्भवती को अपना खास ख्याल रखने की जरूरत है, क्योंकि गर्भावस्था के दौरान आम दिनों की अपेक्षा रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। इसलिए कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए घर पर रहकर अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखें। खाने पीने का विशेष ध्यान दें, व्यायाम करें और डॉक्टर से संपर्क करती रहे। समय-समय पर अपनी जांच कराती रहे। गर्भवती को कोरोना से डरने की नहीं बल्कि लड़ने की जरूरत है।
-------------
कार्यक्रम के दौरान राज माता प्राइवेट हॉस्पिटल की (गायनोलॉजिस्ट) डॉ जया शर्मा, स्टाफ नर्स रूमी तिवारी और एलटी विजय शुक्ला व एएनएम आदि अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
09/11/2021 07:15 PM


















