Aligarh
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि:
अलीगढ़ 09 दिसम्बर 2022(सू0वि0) आजादी के चिन्हों को जिले में आने वाली पीढ़ी के लिये संरक्षित किया जाएगा। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के समेकित प्रयास से संचालित आजादी का अमृत महोत्सव ऐसे ही आजादी की लड़ाई में अपने प्राण न्योछावर करने वाले भूले-बिछड़े शहीदों की पहचान करा रहा है। जनपद में आजादी के रणबांकुरों की फैली पड़ी विरासत को संजोकर एवं समेटकर उसे आने वाली पीढ़ी के लिये संरक्षित रखा जाएगा।
उक्त उद्गार मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व0 छोटेलाल गौतम के परिजनों द्वारा जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित समारोह में व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे पहले अलीगढ़ जनपद में वीरपुर ग्राम पंचायत को स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर कर एक कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
श्रीमती चम्पा देवी छोटेलाल गौतम पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष कामेश गौतम ने मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष को तिरंगा पट्टिका एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। भाजपा बृज क्षेत्र के उपाध्यक्ष ठा0 श्यौराज सिंह ने कहा कि अलीगढ़ ने आजादी की लड़ाई में सर्वाधिक कुर्बानियां दी हैं। भाजपा के जिला महामंत्री डा0 गोपाल माहेश्वरी ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। आजादी के अमृत महोत्सव के जिला समन्वयक सुरेन्द्र शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। अन्त में संयोजक देवेन्द्र प्रताप गौतम ने सभी का आभार व्यक्त किया।
12/11/2022 04:28 AM