Aligarh
मुख्यमंत्री के आने का फुलप्रूफ सुरक्षा इंतजाम नुमाइश मैदान में किया जा रहा है - डीआईजी दीपक कुमार:
अलीगढ़। 25 नवम्बर को मुख्यमंत्री जी के अलीगढ़ आगमन को लेकर एक बार फिर जिला पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है मा0 मुख्यमंत्री जी के नुमाइश मैदान में हैलीकॉप्टर लैंडिंग, प्रबुद्धजनों के साथ संवाद, विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास, अन्नप्राशन, गोद भराई, लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिये जाने की तैयारियों में जिला प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है। इसको लेकर अलीगढ़ के डीआईजी दीपक कुमार ने कहा है कि सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया हैउन्होंने बताया कि वीवीआईपी के आने का प्रबंध किया जा रहा है फुलप्रूफ सिक्योरिटी का प्रबंध किया गया है . सुरक्षा के मद्देनजर तैयारियां की जा रही हैं. नुमाइश मैदान में हजारों लोगों के आने की संभावना है. पुलिस फुलप्रूफ सिक्योरिटी के इंतजाम में जुटी है।
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत विभिन्न प्रकार की तैयारियों का खाका खींचा। उन्होंने विभिन्न स्थानों के लिये मजिस्ट्रेट नामित करने के लिये एडीएम सिटी को निर्देशित करते हुए कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के भ्रमण से सम्बन्धित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से सम्बन्धित लाभार्थियों की सूची एवं अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने के उपरांत जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों के साथ नुमाइश मैदान का कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड निर्माण के दृष्टिगत निरीक्षण किया।
विदित रहे कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी प्रदेश भर के जनपदों में स्वंय जाकर विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा ले रहे हैं। वहीं प्रबुद्धजनों से संवाद कर स्थानीय स्तर पर जनशिकायतों, समस्याओं की भी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
11/24/2022 06:07 AM