Aligarh
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड्स विभाग उत्तर प्रदेश श्री धर्मवीर प्रजापति के द्वारा जिला कारागार अलीगढ़ का निरीक्षण एवं बंदियों से संवाद किया गया:
अलीगढ़। आज दिनांक 20 अगस्त 2022 को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड्स विभाग उत्तर प्रदेश श्री धर्मवीर प्रजापति के द्वारा जिला कारागार अलीगढ़ का निरीक्षण एवं बंदियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान कारागार के मुख्यद्वार के समीप श्री कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा श्रीकृष्ण भगवान की मनमोहक , आकर्षक, भव्य मूर्ति स्थापित की गई, जिसकी प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में माननीय मंत्री महोदय द्वारा स्वयं प्रतिभाग किया गया। तत्पश्चात स्थापित मूर्ति के पास ही उनके द्वारा चंदन के दो वृक्ष रोपित किए गए। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ जेल अधीक्षक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव, जेलर श्री पी.के. सिंह और जिला प्रशासन से उपस्थित अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री राकेश पटेल , पुलिस अधीक्षक (अपराध) सुश्री रजनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।
मूर्ति स्थल पर उपस्थित महिला बंदियों के साथ रह रहे उनके आश्रित नन्हे-मुन्हें बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण, राधा और ग्वाल- बाल की मनोहारी पोशाक में माननीय मंत्री महोदय की आरती कर तिलक लगाते हुए पारम्परिक ढंग से उनका स्वागत किया गया एवं महिला बंदियों द्वारा श्रीमान मंत्री महोदय के सम्मान में स्वागत गान भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री महोदय द्वारा बच्चों को विभिन्न उपहार यथा- कपड़े, खिलौने , चाकलेट, फल, बिस्कुट आदि भेंट किये गये। इसके उपरांत माननीय मंत्री जी के द्वारा सर्किल में बंदियों से मिलकर संवाद कार्यक्रम में पहले सभी बंदियों से मिलकर उनकी समस्याएं पूंछी गई और फिर इसका कारण जानते हुए बंदियों को समझाया गया कि उनके द्वारा किए गए अपराध की वास्तविक सजा उनके परिजनों को मिलती है।
स्थिति स्पष्ट करते हुए उनके द्वारा कहा गया कि आप तो अपराध करने के बाद जेल में बंद हो गए, आपको कम से कम समय से खाना और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं, चिकित्सा सुविधाएं आदि समय से उपलब्ध हैं किन्तु आप अपने परिजनों के बारे में सोचिए जो दिन रात आपकी पैरोकारी में व्यस्त हैं, तमाम आर्थिक संकटों के बाद भी वो लोग आपसे समय से मुलाकात करते हैं और अपनी आवश्यकताओं में कटौती करके भी आपको जेल से रिहा कराने में दिन रात एक कर देते हैं।
माननीय मंत्री महोदय द्वारा इस तरह के अन्य और दृष्टांत बताते हुए सभी बंदियों विशेषकर युवा बंदियों से अपील की गई कि वे जेल विभाग द्वारा बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास हेतु चलाए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें ताकि जेल से मुक्त होने के पश्चात वो गरिमापूर्वक आत्मनिर्भर और समाजोपयोगी जीवन जीने में समर्थ हो सकें।
माननीय मंत्री जी की इस भावुक अपील से बंदीगण अच्छे खासे प्रभावित दिखे और उनके द्वारा स्वयं संकल्प लिया गया कि अब जेल से छूटने के बाद कभी किसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त नहीं होंगे और अपने घर , परिवार और समाज के लिए समर्पित जीवन जियेंगे। इस संवाद कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री महोदय द्वारा बताया गया कि अंग्रेजों के जमाने से लागू उत्तर प्रदेश जेल मैनुअल को परिवर्तित कर विभाग को नये जेल मैनुअल से संचालित किया जाएगा । लागू होने वाली नई जेल मैनुअल में महिला बंदियों के हितार्थ कई प्राविधान ऐसे हैं जिनसे उनका जेल जीवन सरल और सुविधाजनक हो सकेगा।
इसी तरह गैर इरादतन अपराधियों के सुधार और पुनर्वास सम्बंधी कई व्यवस्थाएं नये जेल मैनुअल में की गई है जिनमें बंदियों को जेल में रखते हुए विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण आदि की सुविधा भी उपलब्ध कराया जाना सम्मिलित हैं। संवाद कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री महोदय द्वारा स्पष्ट रुप से कहा गया कि पेशेवर अपराधियों के साथ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी लेकिन अपराध का प्रायश्चित करने वाले बंदियों को समय समय पर शासन द्वारा दी जाने वाली रिययातों का लाभ अवश्य मिलेगा।
इस दौरान माननीय मंत्री जी द्वारा जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कारागार में निरुद्ध सभी महिला बंदियों तथा बीमार बंदियों को प्रसाद स्वरूप फल आदि वितरित किए गए तथा आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत एक 50 लीटर का गीजर उपहार स्वरूप भेंट किया गया जिससे कि आवश्यकतानुसार उन्हें गर्म पानी उपलब्ध हो सके। कारागार की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, साफ सफाई आदि से माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड्स विभाग श्री धर्मवीर प्रजापति जी के द्वारा सराहना व्यक्त की गई।
08/20/2022 07:41 PM


















