Aligarh
अलीगढ़ पुलिस ने छह अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही की, संपत्ति भी होगी जब्त:
अलीगढ़। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने 6 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवार्इ की। एसएसपी के निर्देश पर मडराक थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमें दर्ज किए हैं। इसमें एक गैंग चोरों का है, जिसमें शहर में चोरी की विभिन्न घटनाओं को अंजाम दिया है। वहीं दूसरा गैंग शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मारपीट, धमकी देना और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं मे नामजद मुकदमें दर्ज हैं।
अलीगढ़ व एटा के हैं सारे आरोपी
मडराक थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार भारती ने बताया कि दोनों गैंग के आरोपी मडराक के ही रहने वाले हैं। पहले गैंग पर मारपीट, हत्या का प्रयास, जैसे मामले दर्ज हैं। इसमें अंकित पुत्र विनोद को गैंगलीडर बनाया गया है। उसके साथ अनुपम पुत्र विनोद और पवन कुमार पुत्र विनोद को सदस्य बनाया गया है।
वहीं दूसरा गैंग चोरी, नकबजनी जैसे मामलों में वांछित है और क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसमें एटा के थाना सकरौली निवासी सतेंद्र पुत्र रामवीर को गैंगलीडर बनाया गया है। वहीं गांधीपार्क थाना क्षेत्र के नगला मानसिंह निवासी संकेत पुत्र गिर्राज और मडराक के नगला मंदिर निवासी अनुराग वर्मा पुत्र राकेश को नामजद किया गया है। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपियों की संपत्तियां होंगी कुर्क
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि गैंगस्टर के सभी आरोपियों की संपत्ति का विवरण और जुटाया जा रहा है। जिसके बाद इसके गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुर्क किया जाएगा। क्योंकि इन अपराधियों ने चोरी, लूट और धोखाधड़ी करके ही संपत्ति अर्जित की है।
अलीगढ़ में गैंगस्टर के आरोपियों के खिलाफ लगातार संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक गैंगस्टर के आरोपियों की 95 करोड़ से ज्यादा रुपए की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है। जल्दी ही इस संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
08/05/2022 07:58 PM