Bhopal
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिने अभिनेता अक्षय कुमार के साथ रोपे पौधे: जैन इंजीनियर सोसाइटी के सदस्यों ने भी किया पौध-रोपण
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में प्रसिद्ध सिने अभिनेता अक्षय कुमार और पूर्व महापौर आलोक शर्मा के साथ गुलमोहर और अर्जुन का पौधा लगाया। महावीर जयंती के अवसर पर आज मुख्यमंत्री चौहान के साथ जैन इंजीनियर सोसाइटी के सुनील जैन, संदीप जैन और देवेंद्र जैन ने भी पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने अभिनेता अक्षय कुमार को अवगत कराया कि पर्यावरण-संरक्षण और धरती बचाने के लिए पौध-रोपण को प्रदेश में अभियान के रूप में लिया गया है। अभियान में जन-जन को प्रेरित करने के उद्देश्य से वे स्वयं प्रतिदिन पौध-रोपण करते हैं। सामाजिक संस्थाएँ भी पौध-रोपण के इस पुनीत कार्य में उत्साह से शामिल होती हैं।
आज लगाए गए गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना जाता है। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है। अर्जुन एक औषधीय वृक्ष है, जिसकी छाल एवं रस का उपयोग हृदय एवं क्षय रोग जैसी बीमारियों में लाभदायक है। अर्जुन का वृक्ष मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में पाया जाता है। भोपाल के स्मार्ट पार्क में अभिनेता अक्षय कुमार और जैन इंजीनियर्स सोसायटी के साथियों के साथ गुलमोहर और अर्जुन का पौधा लगाया।
पौधरोपण जैसा पुनीत कार्य हम सबका सामाजिक कर्तव्य है। अक्षय जी के सहयोग से युवाओं को पौधरोपण के लिए अवश्य प्रेरणा मिलेगी!
जैन इंजीनियर्स सोसायटी, भोपाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्ञानोदय तीर्थ फंदा-भोपाल में करीब 110 पौधे लगाए हैं। सोसायटी सफाई अभियान के माध्यम से लोगों को जागरुक तथा #COVID19 के समय भोजन वितरित करने के साथ अनेक सामाजिक कार्य कर रही है। मुख्य मंत्री ने सोसायटी को शुभकामनाएं दी।
04/14/2022 11:47 AM