Aligarh
अलीगढ़ शराब कांड में तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी समेत 26 अधिकारी-कर्मी दोषी: जिला अधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने शासन को जांच रिपोर्ट भेजी।
अलीगढ़ । जिले में जहरीली शराब के सेवन से जिले में 126 लोगों की मौत के लिए तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी समेत 26 अफसर-कर्मचारी दोषी ठहराए गए हैं। इनमें तत्कालीन तीन आबकारी निरीक्षक, चार प्रभारी निरीक्षक, दो थाना प्रभारी, तीन चौकी इंचार्ज, पांच आबकारी सिपाही व आठ पुलिस के आरक्षी शामिल हैं। इनकी लापरवाही के चलते बिकी जहरीली शराब ने पिछले साल मई माह में मौत का तांडव दिखाया। कई गांव-गांव में हा-हाकार मच गया था। मुख्य सरगना समेत 85 आरोपित जेल में हैं। एक की मौत हो चुकी है। एक जमानत पर है। पूरे प्रदेश को हिला देने वाले इस कांड की मजिस्ट्रेटी जांच अब पूरी हो गई है। जांच अधिकारी ने रिपोर्ट में कहा है कि अगर यह जिम्मेदार अफसर व कर्मचारी सतर्कता बरतते तो यह घटना रोकी जा सकती थी। जिला अधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने शासन को जांच रिपोर्ट भेज दी है। इस पर कार्रवाई का निर्णय शासन स्तर से होना है।
इस कांड में शराब से हुईं मौतों को लेकर राजनीति भी खूब गरमाई। विपक्ष ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। सरकार ने भी आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की। सौ करोड़ से अधिक की सपंत्ति जब्त की गई। शराब के ठेकों व आरोपितों के ट्यूबवेल, संपति जब्त कर बुलडोजर भी चलाया। सभी को मजिस्ट्रेटियल जांच का इंतजार था। जांच अधिकारी व एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने पुलिस, राजस्व, आकबारी विभाग व मृतकों के स्वजन के बयान लिए। ग्रामीण व पोस्टमार्टम में लगे डाक्टरों के भी बयान लिए गए। अखबार की कतरन, जन साधाराण लोग, एफआइआर का भी सहयोग लिया गया। इसमें पता लगा कि जिले की कुछ शराब की दुकानें ऐसे लोगों के हाथों में थी, जिनके द्वारा डिस्टेलरी से गुड इवनिंग ब्रांड की देशी शराब के साथ-साथ नकली रैपर, बोतल, बार कोड का उपयोग कर नकली शराब तैयार कराई जा रही थी। इस शराब की बिक्री आरोपितों की दुकानों पर होती थी। एक संगठित गिरोह पिछले काफी समय से इस गोरखधंधे को संचालित कर रहा था। जहरीली शराब की आपूर्ति की गई। यह मामला पुलिस व आबकारी विभाग के संज्ञान में तो था ही, साथ ही प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग से ही अवैध शराब के निर्माण व बिक्री की व्यवस्था संचालित की जा रही थी। आबकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने शासकीय दायित्वों का पालन न करते हुए घोर लापरवाही की है। इसके लिए दोनों विभागों के संबंधित जिम्मेदार प्रथम दृष्टया दोषी हैं।
यह अफसर-कर्मचारी मिले हैं दोषी
जांच में तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी धीरज शर्मा, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र अतरौली अवनीश कुमार पांडेय, आबकारी निरीक्षक गभाना चंद्र प्रकाश यादव, आबकारी निरीक्षक लोधा, खैर व टप्पल राजेश कुमार यादव, आबकारी सिपाही रामराज राना, अशोक कुमार,नितेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, योगेंद्र सिंह, तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अकराबाद रजत कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक खैर प्रवेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक गभाना सुबोध कुमार, प्रभारी निरीक्षक टप्पल प्रवीन कुमार मान, थानाध्यक्ष जवां चंचल सिरोही, थानाध्यक्ष लोधा अभय कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी जट्टारी शक्ति राठी, चौकी प्रभारी जवां अरविंद कुमार, चौकी प्रभारी पनैठी सिद्धार्थ कुमार, हैड मुंशी लोधा उम्मेद सिंह, आरक्षी श्रवण कुमार, आलोक कुमार, घनेंद्र, एहतेशाम खां, अमित कुमार, रोहित कुमार व विक्की शर्मा शामिल हैं। इन सभी के तबादले हो चुके हैं। इनमें से कुछ अफसर व कर्मचारी घटना के बाद से ही निलंबित चल रहे हैं।
04/05/2022 08:03 PM


















