Aligarh
अब पुरुषों की है बारी, परिवार नियोजन में निभाएं भागीदारी : एसीएमओ: 22 नवम्बर से शुरू होगा पुरुष नसबंदी अभियान, जिले में पुरुषों नसबंदी पखवाड़ा 22 से 4 दिसम्बर तक ।
अलीगढ़, 19 नवम्बर 2021।
परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 22 नवंबर से 4 दिसंबर 2021 तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा चलेगा। यह पखवाड़ा दो चरणों में चलेगा। पहले में दम्पत्ति संपर्क अभियान चलाकर परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दूसरे चरण में इच्छुक पुरुषों को नसबंदी की सेवा प्रदान की जाएगा। इस दौरान नसबंदी के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस बार 21 तारीख को रविवार होने के कारण खुशहाल परिवार दिवस 22 नवंबर को मनाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बताया कि प्रत्येक शहरी क्षेत्र की अर्बन पीएससी व ग्रामीण क्षेत्र के सीएचसी व पीएचसी के सभी बीपीएम और बीसीपीएम को दो पुरुष नसबंदी व प्रत्येक एएनएम और आशा संगिनी को एक पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया है।
सीएमओ ने बताया कि प्रथम चरण में 22 नवंबर से 28 नवंबर तक आशा और एएनएम दंपतियों से संपर्क करेंगी। उन्हें परिवार नियोजन के फायदे बताए जाएंगे। दूसरा चरण 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इसमें इच्छुक पुरुषों की नसबंदी की जाएगी। यह अभियान परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी, जीवन में लाए स्वास्थ्य और खुशहाली थीम के साथ चलाया जाएगा।
परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बहुत कम है। पुरुषों की नसबंदी में भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 22 नवंबर से पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनेगा। इस अभियान का आयोजन जनपद में दो चरणों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 में भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए दोस्तों को जागरूक करने के साथ उनकी सहायता से परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान करना है।
--------
वर्तमान में पुरुष नसबंदी बेहद जरूरी:
यूपीटीएसयू के सीनियर वरिष्ठ परिवार नियोजन विशेषज्ञ महरोज तसलीम सिद्दीकी का कहना है कि खुशहाल परिवार के लिए महिला व पुरुष दोनों की सहभागिता आवश्यक है। वर्तमान समय में महिला नसबंदी की अपेक्षा पुरुष नसबंदी अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित और सरल है। महिला नसबंदी की तुलना में पिछले साल जिले में 35 पुरुषों ने नसबंदी कराई थी। वहीं, इस वर्ष अक्टूबर माह तक 24 पुरुष नसबंदी अपना चुके हैं।
11/19/2021 01:25 PM