Aligarh
रैकी करने के बाद की थी मोबाइल फोन कारोबारी से लूट, छह बदमाश दबोचे: कप्तान ने क्राइम ब्रांच व शहर की टीम को 25000 रुपये इनाम देने का एलान किया।
अलीगढ़ : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कलक्ट्रेट तिराहे के पास मोबाइल कारोबारी से लूट का सोमवार को पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को दबोचा है। बदमाशों ने घटना से पहले तीन बाइकों पर रैकी की थी। पुलिस ने इनसे 84 हजार रुपये, लूटी गई स्कूटी, बैग, कार की चाबी, तीन मोटरसाइकिल व छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा थाना क्वार्सी क्षेत्र में हुई लूट के 9200 रुपये भी मिले हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जमालपुर निवासी गुलजार शुक्रवार देररात मामू भांजा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान को बंद करके स्कूटी से लौट रहे थे। रास्ते में साड़ी सुहाग पर काम करने वाला युवक भी साथ था। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस व एसएसपी आवास के सामने दो बाइक सवारों ने तमंचा दिखाकर स्कूटी लूट ली। गुलजार के मुताबिक, स्कूटी में बैग रखा था, जिसमें पांच लाख रुपये, कुछ मोबाइल फोन थे। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस ने 100 से अधिक कैमरों को खंगालने के बाद छह आरोपितों को भमोला पुल के पास से गिरफ्तार किया है। इनके नाम अली नगर कालोनी निवासी फरहान मिर्जा, देहलीगेट की चाबी वाली गली निवासी मुजम्मिल उर्फ बबुआ, सराय मियां निवासी मोहम्मद बदर, बड़ी मस्जिद जमालपुर निवासी मोहम्मद ताहिर, पान वाली कोठी निवासी आसिफ व मोहल्ला पठानान (थाना छर्रा) निवासी समीर उर्फ लाडू हैं। एसपी सिटी ने बताया कि शुक्रवार को रात साढ़े नौ बजे फरहान मिर्जा व मुजम्मिल ने लूट की थी। इनमें फरहान स्कूटी चलाकर ले गया था, जबकि मुजम्मिल पल्सर पर था। दो बाइकों पर चार अन्य बदमाश भी थे। इनमें बदर ने व्यापारी की रैकी की थी। आसिफ, समीर व ताहिर पीछे-पीछे बाइक लेकर चल रहे थे। आरोपितों ने बताया कि रुपयों को आपस में बांट लिया था। व्यापारी के बैग में निकले दोनों मोबाइल फोन को फेंक दिया था। इनसे रुपयों के अलावा दो तमंचे, चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर व होंडा ड्रीम व घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर 220 सीसी (यूपी 13 वी 5777) बरामद की गई है। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि स्कूटी में इतनी ही रकम मिली थी।
क्वार्सी क्षेत्र में भी की थी लूट
आरोपितों ने करीब एक माह पहले क्वार्सी थाना क्षेत्र के इलाके में भी लूट की थी। इस लूट के 9200 रुपये भी पुलिस ने बरामद किए हैं। इनमें ताहिर व मुजम्मिल शामिल थे। दोनों पहले भी लूट कर चुके हैं। मिर्जा व मुजम्मिल पर पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह बदर पर चार, ताहिर व समीर पर दो-दो, जबकि आबिद पर एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
सर्विलांस टीम के प्रभारी एसआइ संजीव कुमार, स्वाट टीम प्रभारी संदीप कुमार, एसआइ केशव वशिष्ठ, हरेंद्र सिंह तोमर, शीलेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल इसराइल बेग, सिपाही आजाद सिरोही, हरिपाल, बादल, हरेंद्र मलिक, प्रवीन, अमित, सतेंद्र टीम में शामिल रहे। इसमें इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की टीम का भी सहयोग रहा।
घटना से पहले घूमते हुए ट्रेस हो गए थे बदमाश
पुलिस ने शहर के प्रमुख जगहों पर लगे कैमरों को खंगाला तो आरोपित घटना से पहले ही रैकी करते हुए ट्रेस हो गए थे। घटना की रात ही स्पष्ट हो गया था कि इसमें छह लोग शामिल है। सबसे पहले तीनों बाइक दोदपुर पर ट्रेस हुई थीं। यहां से केला नगर, मैरिस रोड होते हुए सेंटर प्वाइंट पहुंचे। दो बाइक साथ में चल रही थीं, जबकि एक बाइक 50 मीटर पीछे थी। यहां से बदमाश बर्छी बहादुर, रसलगंज, कबरकुत्ता, मीरुमल तक ट्रेस हुए। फिर लौटकर रसलंगज, कठपुला, तस्वीर महल, कलेक्ट्रेट पहुंचे। पल्सर सवारों ने घटना को अंजाम दिया। बाकी दोनों बाइकें भी पीछे ही थीं। इसके बाद पल्सर सवार युवक पुरानी चुंगी की तरफ चला गया, जबकि शेष बाइकें बरौला पुल की चली गईं। यहीं बदमाशों के चेहरे व एक बाइक का नंबर भी ट्रेस हो गया था।
11/01/2021 07:56 PM


















