प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे अलीगढ़ राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी का किया शिलान्यास: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
अलीगढ़। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय महलनुमा बनेगा, कुलपति की तैनाती भी जल्द : डॉ. दिनेश शर्मा
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का अपडेट मॉडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच के पास ही सजाया जा रहा है। इस मॉडल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद संशोधित कर महलनुमा भव्य रूप दिया गया है। इसका मुख्य प्रशासनिक भवन पांच मंजिला महलनुमा बनेगा। मुख्य द्वार से हाईवे तक सिक्सलेन मार्ग बनेगा। इसके अंदर के परिसर में बनने वाले भवन भी एतिहासिक इमारत की तर्ज पर बनेंगे। हरियाली के लिए स्थान छोड़ा जाएगा। विवि के विस्तार के लिए भी जगह छोड़ी जा रही है। 98 एकड़ में बनने वाले विवि के हर भवन को ऊंचा, विशालकाय और सौ वर्षों की अवधि के लिए बनाया जाएगा। विवि में कुलपति की तैनाती जल्द होगी। विवि में रजिस्ट्रार संजीव कुमार और वित्त अधिकारी की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है।डिप्टी सीएम एवं प्रदेश के शिक्षामंत्री डा. दिनेश शर्मा बताया कि कुलपति की तैनाती लगभग एक से डेढ़ महीने में हो जाएगी। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। विवि का निर्माण कार्यदायी संस्था की ओर से शुरू हो चुका है। पीएम के कार्यक्रम के बाद यहां निर्माण कार्य तेज रफ्तार से होगा। जल्द ही जरूरी इमारतों का काम शुरू हो जाएगा। विवि से हाईवे तक 47 मीटर रोड को सिक्सलेन में बदला जाएगा। जिससे हाईवे से ही विवि के भव्य भवन को देखा जा सकेगा। इसकी 98 एकड़ जमीन को योजनाबद्ध तरीके से अलग अलग डिपार्टमेंट, स्कूल, छात्रावास और दूसरे जरूरी निर्माण कार्य के लिए प्रयोग किया जाएगा। पीब्डल्यूडी के वर्ल्ड बैंक विभाग के एसई एमएच सिद्दीकी और एक्सईएन अनिल शर्मा इस प्रोजेक्ट को देख रहे हैं। यही संस्था विवि का निर्माण करा रही है।
1- 92.27 एकड़ जमीन पर बनेगा विश्वविद्यालय
2- परियोजना लागत (प्रथम चरण) 101 करोड़ रुपये
3- पहली किस्त के तहत 10 करोड़ अवमुक्त हुए हैं
4- परियोजना पूरी होने का समय जनवरी 2023
ये होंगे निर्माण
प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, लाइब्रेरी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, पुरुष छात्रावास, महिला छात्रावास, वीसी लॉज, अधिकारियों के आवास, गार्ड रूम सहित अन्य निर्माण। ये समस्त निर्माण कार्य लगभग 24917.94 वर्गमीटर में होंगे। विवि के निर्माण की अधिसूचना 22 नवंबर 2019 को हुई थी। जिसके लिए कुलसचिव और वित्त अधिकारी की नियुक्ति हो चुकी है। विवि के क्षेत्राधिकार में अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस के लगभग 395 महाविद्यालय शामिल होंगे।
विवि में प्रस्तावित डिपार्टमेंट और कोर्स
स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज में बैचलर इन वोकेशनल कोर्स, पशु एवं डेयरी तकनीकी प्रशिक्षण, कम्यूनिकेटिव इंग्लिश, फॉरेन लैंग्वेज होगी। स्कूल ऑफ एडवांस लर्निंग में डिपार्टमेंट ऑफ एडवांस कम्प्यूटिंग, डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी, डिपार्टमेंट डिसीजन साइंस, डिपार्टमेंट ऑफ एडवांस मालीक्यूलर जेनेटिक्स, डिपार्टमेंट ऑफ रिन्यूवेविल एनर्जी होंगे। स्कूल ऑफ मल्टीलिंग्वल स्टडीज में स्कूल ऑफ स्प्रिचुअल साइंस एंड योगा, स्कूल ऑफ हम्यूमिनटीज आर्ट एंड सोशल साइंस, स्कूल ऑफ ट्रांसडिस्पिलनरी साइंस।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोधा आ रहे हैं। चूंकि उनको देश विरोधी ताकतों से खतरा रहता है। इसलिए ब्लू बुक के अनुसार सुरक्षा के वे सभी प्रबंध किए गए हैं, जो जरूरी हैं। इस दौरान अलीगढ़ शहर में देश विरोधी ताकतों की पुरानी गतिविधियों और सरकार विरोधी मुद्दों पर हुए प्रदर्शनों को ध्यान में रखकर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री का यह दौरा अभेद्य सुरक्षा में कराए जाने की पूरी तैयारी है। इसके लिए कल रिहर्सल किया गया और सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।रिहर्सल में एडीजी जोन राजीव कृष्ण व एसपीजी अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा बिंदुओं का रिहर्सल किया गया।ब्रीफ मीटिंग हुई और डी ब्रीफ बैठक हुई। इस दौरान अधिकारियों को उनके ड्यूटी प्वाइंट बताने के साथ-साथ उनके कर्तव्य भी बताए गए। कहा गया कि आने वाले लोगों को कोई परेशानी ना हो। 40 से अधिक प्रवेश द्वारा बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक द्वारा पर एंटी सबोटाज व मैटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। कागज, बैग, खाने का सामान, पानी की बोतल, कैमरा, होर्डिंग बैनर व अन्य आपत्तिजनक वस्तु लाने पर प्रतिबंध है। वहीं काला मास्क या काले कपड़े पहनकर आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम के लिये कुल 7 मुख्य पार्किंग बनाई गई हैं। जहां विशेष व्यवस्था रखी जाए। जिनकी ड्यूटी है वे पूरी तरह मुस्तैद रहें। किसी तरह की परेशानी वाहनों की वजह से न हो। वहीं सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल एक्शन लिया जाए। इस दौरान आयोजन स्थल के साथ-साथ शहर को भी सीसीटीवी की कमांड सेंटर की मदद से सीसीवीटी की निगरानी में रखा जाएगा। उसका भी एक कंट्रोल रूम आयोजन स्थल पर रखा गया है।
आयोजन स्थल से लेकर यातायात व्यवस्था तक को 5 सुपर जोन, कुल 15 जोन व 35 सेक्टरों में बांटा गया है। हेलिपैड से लेकर मंच तक के इलाके को एक सुपर जोन में, मंच व पूरे डी का दूसरे में व भीड़ के स्थान को तीसरे सुपर जोन में रखा गया है। इसके बाद पार्किंग व यातायात व्यवस्था को दो सुपर जोन में रखा गया है। एक-एक सुपर जोन में दो-दो जोन, एक जोन में तीन तीन सेक्टर तक बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में सीओ के अधीन एक-एक इंस्पेक्टर व सब सेक्टर में भी इंस्पेक्टर दिए गए हैं। कुल मिलाकर आयोजन में 5 हजार के करीब सुरक्षाकर्मी लगाए जा रहे हैं।देर रात सभी तैयारियों के बाद मंच व हेलिपैड को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। इनकी सुरक्षा में एसएसबी दो, आरएएफ की तीन, आईटीबीपी की एक व बीएसएफ की एक कंपनी को लगाया गया है। ये सभी कंपनियां इनर व आउटर कार्डर के बाहर हैं। सुबह 8 बजे से एसपीजी के निर्देश के बाद ही इसमें अब प्रवेश मिल पाएगा। इसके अलावा आयोजन के लिए मुरादाबाद, आगरा, एटा, गाजियाबाद, नोएडा व अलीगढ़ से पीएसी भी पहुंची है। यह भी सुरक्षा में लगाई गई है।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम में स्नाइपर्स भी हुए सुबह तैनात*
हेलीपैड से लेकर मंच तक की घेराबंदी में स्नाइपर्स व एनएसजी कमांडो भी इनर कार्डर में तैनात रहेंगे। इनके लिए भी प्वाइंट एसपीजी के इशारे पर नियत कर दिए गए हैं।
देश विरोधी गतिविधियों व सरकारी विरोधी प्रदर्शन में शामिल रहने वालों से जोड़कर खुफिया एजेंसियों के रडार पर शहर के होटल, ढाबे, सराय व बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन पर हैं। शहर पुलिस की मदद से देर रात तक इन स्थानों पर सघन चेकिंग, संदिग्धों की पड़ताल की जाती रही।
एडीजी जोन राजीव कृष्ण, एडीजी पीएसी अजय आनंद, डीआईजी दीपक कुमार, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिक्योरिटी एंड ट्रेनिंग वैभव कृष्ण के साथ एपीजी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सुरक्षा को लेकर रात तक मंथन चलता रहा। कहीं किसी तरह की कोई कमी तो नहीं रह गई है। इसे लेकर विचार होता रहा और उसे दूर किया जाता रहा।
विशेष सुरक्षा के बीच पांच फ्लीट तैयार रखी गई हैं। इनमें प्रधानमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री, राज्यपाल का आगमन तो तय है। उनके अनुसार फ्लीट तैयार रखी गई हैं। वहीं गृह मंत्री अमित शाह के लिए भी फ्लीट आने के अंदेशे पर तैयार रखी गई है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ये प्रमुख बातें।
पांच सुपर जोन, 15 जोन व 35 सेक्टरों में बंटेगा आयोजन स्थल और पार्किंग
सुपर जोन पर आईपीएस, जोन पर एएसपी, सेक्टर पर सीओ बनाए प्रभारी
एक सुपर जोन में दो से तीन जोन, जोन में दो से तीन सेक्टर बनाए गए हैं
हेलिपैड-मंच एक सुपर जोन, मंच-डी में दूसरा, भीड़ में तीसरा सुपर जोन
पार्किंग व यातायात के लिए दो सुपर जोन शहर की सीमा तक सक्रिय किए
ये लगाया फोर्स-अफसर
12 आईपीएस, 25 एएसपी, 60 सीओ, 150 इंस्पेक्टर, 380 एसआई, 1650 सिपाही/हेड, 59 महिला एसआई, 250 महिला सिपाही, 7 टीआई, 35 टीएसआई, 120 ट्रैफिक सिपाही, 8 कंपनी पीएसी, 7 कंपनी पैरामिलिट्री, 2 टीम एटीएस, एसपीजी, एनएसजी, डॉग स्क्वायड, बीडीएस, इंटेलीजेंस, खुफिया एजेंसियां, एलआईयू, फायर सर्विस आदि।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिये 10 जोनल व 86 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। यह सभी मजिस्ट्रेट शांति एवं कानून व्यवस्था के साथ हेलिपैड से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्थाएं संभालेंगे। इसमें जोन प्रथम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हाथरस जेपी सिंह को हेलिपैड की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी मदद के लिये चार सेक्टर मजिस्ट्रेट रहेंगे। जोन द्वितीय का जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अलीगढ़ विधान जायसवाल को बनाया गया है। वह अपने साथ तैनात चार सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ मुख्य मंच, सेफ हाउस, स्विस काटेज, पीएमओ हाउस व पीएम चेंबर के संपूर्ण क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे।जोन तृतीय के जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक राकेश पटेल को बनाया गया है। वह अपने अधीन सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ वीआईपी दीर्घा, मीडिया गैलरी एवं डी गैलरी की सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। जोन चतुर्थ के जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिला मजिस्ट्रेट एटा सुनील कुमार सिंह को बनाया गया है। वह कार्यक्रम स्थल स्थित चारों प्रवेश द्वारों की व्यवस्थाएं देखेंगे। जोन पांच के जोनल मजिस्ट्रेट पद की जिम्मेदारी अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन डीपी पाल संभालेंगे। वह दर्शक दीर्घा की निगरानी कराएंगे। जोन छह का जिम्मा अपर जिला मजिस्ट्रेट कासगंज अजय श्रीवास्तव संभालेंगे। वह सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पार्किंग की व्यवस्था देखेंगे। जोन सात के जोनल मजिस्ट्रेट अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम संदीप केला होंगे। वह सेफ अस्पताल की व्यवस्था देखेंगे। जोन आठ की जोनल मजिस्ट्रेट एसीएम द्वितीय अंजुम बी होंगी। वह सर्किट हाउस की व्यवस्था देखेंगी। जोन 9 के जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिला मजिस्ट्रेट एटा विवेक मिश्रा हैं। वह रूट एवं यातायात व्यवस्था देखेंगे। नगर मजिस्ट्रेट को जोन दस का जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वह धनीपुर हवाई पट्टी पर व्यवस्था देखेंगे। एक रिजर्व मजिस्ट्रेट होगा।
योगी सरकार के एमएसएमई राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह समाज शिरोमणी हैं, वे ऐसे रत्न थे, जिन्हें पिछली सरकारों ने कोयले की खान में दबाकर रखा। भाजपा ने एक जौहरी की तरह राजा साहब को परखा। उनके इतिहास को युवा पीढ़ी को बताया। उनकी स्मृति में सरकार ने विश्व विद्यालय स्थापित कर भारतीय संस्कृति को जीवंत किया है। मुरसान के राजा ने आजाद हिद फौज की नींव रखी थी, जिसको महान क्रांतिकारी सुभाष चंद्र बोस ने धार दी थी।चौधरी उदयभान सिंह लघु उद्योग भारती के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिफेंस कारिडोर बनने से अलीगढ़-आगरा के उद्योगों को पर लगेंगे। सेना स्वेदशी हथियारों से लैस होगी। हमें विदेशों पर अब निर्भर नहीं होना होगा। ताला-हार्डवेयर व अन्य पारंपरिक कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सरकार काम कर रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गौरव मित्तल, जिला महामंत्री नीरज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेश गोस्वामी,अंशुमन अग्रवाल, सुनील गर्ग, प्रह्लाद चौहान, मनोज अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. राजीव अग्रवाल, अभिषेक वाष्र्णेय, राम बाबू सिघल, आलोक चतुर्वेदी, आर के चतुर्वेदी, सतीश गौड़, देवेश सिघल, दीपक सिघल, विकास मित्तल आदि उद्यमी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'अब्बाजान' शब्द पर देश भर में कड़ी प्रतिक्रिया हो रही है।मुख्यमंत्री यहां अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते-गिनाते पूर्ववर्ती सरकार पर हमलवार हो गए। उन्होंने कहा कि पहले भूख से मौतें होती थीं। आज प्रदेश और देश में भूख से एक भी मौत नहीं होती। क्योंकि अब्बाजान कहने वाले की तरह लोग अब गरीबों का हक नहीं मार सकते।
विरोधियों पर साधा निशाना।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास तो सबका होगा, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा। कांग्रेस, सपा, बसपा सभी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने इस देश को लूटने का कार्य किया है। सपा बसपा ने गरीबों के निवाला पर डाका डाला था।
मुख्यमंत्री ने राममंदिर के मुद्दे पर भी सभी पर निशाना साधा और जनता से ही पूछा कि क्या बसपा, सपा और कांग्रेस मंदिर बनवाते तो लोगों ने जवाब दिया नहीं। अनुच्छेद 370 हटाते या तीन तलाक पर रोक लगाते तो इस पर भी जनता का जवाब मिला नहीं। सीएम योगी ने कहा कि कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि आज देश और प्रदेश में दंगे नहीं होते। उनको पता है कि ऐसा किया तो सात पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के जिन्न को मैंने बोतल में बंद कर दिया है। गैर भाजपा शासित प्रदेश सरकारों ने सरकार की नीति और निर्देश का पालन नहीं किया। आपदा के इस काल में भी राजनीति की। इससे पूरे देश में कोरोना को लेकर संकट खड़ा हुआ है। केरल, महाराष्ट्र आदि राज्य इसके उदाहरण हैं। जिनकी आबादी उत्तर प्रदेश के छठवें व आठवें हिस्से की ही है। हमको अब भी सावधानी बरतनी है। टीका का सुरक्षा कवच हर किसी को पहनना होगा।
प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने जाएंगे कांग्रेसी
मंहगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी मंगलवार को लोधा में प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने जाएंगे। सोमवार को रेलवे रोड पार्टी कार्यालय पर बैठकर कांग्रेसियों ने रणनीति तैयार की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई थी।
09/14/2021 06:51 AM


















